Breaking

पुडुचेरी में PM मोदी बोले- एक परिवार ने 48 साल तक देश पर राज किया

Feb 25, 2018
पीएम मोदी ने कहा कि पुडुचेरी में बदहाल बुनियादी ढांचे और परिवहन तंत्र है, यह प्रदेश कांग्रेस संस्कृति का शिकार है।
पुडुचेरी में PM मोदी बोले- एक परिवार ने 48 साल तक देश पर राज किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी | तस्वीर साभार:  ANI
पुडुचेरी: रविवार को पुडुचेरी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर कांग्रेस पार्टी और गांधी परिवार पर निशाना साधा। पीएम मोदी ने यहां कहा कि लोगों को यह देखना चाहिए कि एक परिवार के 48 साल शासन की तुलना में एनडीए सरकार ने 48 महीने में क्या किया। एक परिवार ने प्रत्यक्ष या परोक्ष रुप से भारत पर 48 सालों तक शासन किया, हमारी सरकार मई में 48 महीने पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि बुद्धिजीवी कांग्रेस सरकार और भाजपा नीत एनडीए सरकार के कार्यकाल में हासिल की गई उपलब्धियों के बीच अंतर पर चर्चा कर सकते हैं।
पीएम मोदी ने आगे कहा कि पुडुचेरी में बदहाल बुनियादी ढांचे और परिवहन तंत्र है, यह प्रदेश कांग्रेस संस्कृति का शिकार है। पुडुचेरी की सत्ता में रहने वाले दलों ने यहां के लोगों के साथ अन्याय किया है। पीएम मोदी ने कहा, 'पुडुचेरी के पास सभी संसाधन और इच्छाशक्ति है, लेकिन सही स्तर पर इसका विकास क्यों नहीं हो पाया? यह नंबर एक क्यों नहीं है? क्या महिलाओं और युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं? क्या यहां उद्योग सफल रहे हैं? पुडुचेरी में सत्ता चलाने वाले दलों ने यहां लोगों के साथ अन्याय किया है।'
मोदी ने कहा, 'हमने 1947 में स्वतंत्रता प्राप्त की। कई देशों ने हमारे बाद स्वतंत्रता प्राप्त की, लेकिन जहां तक विकास की बात है, वो हमसे आगे हैं। हमें अपने आप से यह पूछने की जरूरत है कि हमारे राजनीतिक संस्कृति में, सिस्टम में आखिर क्या कमी है कि हम अभी भी कई देशों से पीछे चल रहे हैं।' एक बार फिर जवाहर लाल नेहरू पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा, 'भारत के पहले पीएम ने 17 साल देश चलाया, उनकी बेटी ने 14 साल देश पर शासन किया, फिर उनके बेटे ने 5 साल तक देश चलाया, इसके बाद 2004 से 2014 तक आपने देखा कि कैसे रिमोट कंट्रोल के माध्यम से परिवार ने देश चलाया।'
कांग्रेस पर तंज कसते हुए पीएम मोदी ने कहा, 'मैं पुडुचेरी के सीएम नारायणसामी को अग्रिम शुभकामना देता हूं क्योंकि जून के बाद कांग्रेस उन्हें प्रतिरूप के तौर पर प्रदर्शित करेगी। पूर्वोत्तर और कर्नाटक चुनावों के बाद पूरे देश में अकेले नारायणसामी ही कांग्रेस के सीएम बचने वाले हैं।'

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.